धमतरी: मेडिकल बिल, पदोन्नति और शिक्षकों की कमी पर संयुक्त शिक्षक संघ का बड़ा कदम, DEO को सौंपा ज्ञापन

0

लंबित मेडिकल बिल, सर्विस बुक संधारण, प्राथमिक प्रधानपाठक पदोन्नति एवं शिक्षकों की कमी सहित विभिन्न समस्याओं पर संयुक्त शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा कर ज्ञापन सौंपा

धमतरी | संयुक्त शिक्षक संघ, जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष अमित महोबे के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी से भेंट कर जिले के शिक्षकों, विद्यालयों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी लंबित समस्याओं और प्रशासनिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक का उद्देश्य शिक्षकों की व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाना रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों का शीघ्र भुगतान, शिक्षकों की सर्विस बुक का समयबद्ध संधारण, हेड मास्टर पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी, रिक्त पदों पर शिक्षकों की शीघ्र पदस्थापना, विद्यालयों के लिए एक समान शैक्षणिक कैलेंडर का पालन, शिक्षकों से अनावश्यक गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ कम करने तथा विद्यालयों से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं के निराकरण की मांग प्रमुखता से रखी।

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने संघ द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर निराकरण योग्य समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा जिन विषयों पर उच्च स्तर की स्वीकृति आवश्यक होगी, उन्हें शासन को प्राथमिकता के साथ प्रेषित किया जाएगा।

बैठक में शनिवार को विद्यालय संचालन के संबंध में भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी विद्यालयों, विशेषकर हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शनिवार को मंत्रालय के स्टैंडिंग ऑर्डर के अनुरूप प्रातःकालीन समय पर शाला संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पूरे जिले में एकरूपता बनी रहे और विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक गतिविधियाँ सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सकें।

संयुक्त शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी के सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षकों एवं विद्यालयों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। संघ ने कहा कि वह भविष्य में भी शिक्षकों के हितों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना से कार्य करता रहेगा।

बैठक में प्रांत सचिव हरीश सिन्हा, जिला सचिव शेषनारायण गजेंद्र, जिला मीडिया प्रभारी दीपक सहारे, ब्लॉक अध्यक्ष वरुण साहू, हुमन चंद्राकर, प्रवीण साहू सहित संयुक्त शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।