
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा एवं बठेना वार्ड के पार्षद श्यामलाल नेताम जनसमस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से बठेना वार्ड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर आम नागरिकों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बठेना वार्ड के नागरिकों ने महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर पट्टा, सड़क, नाली, पेयजल, जल भराव, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया था। उसी के क्रम में महापौर स्वयं वार्ड पहुंचकर मौके पर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा तथा जिन मामलों में सर्वे या प्रशासनिक प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें भी शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।
वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री श्यामलाल नेताम ने कहा कि बठेना वार्ड के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं की जानकारी खुलकर दें ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
महापौर के वार्ड भ्रमण से स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए नगर निगम के इस जनसंपर्क एवं जनसमस्या निवारण अभियान की सराहना की। वार्डवासियों ने उम्मीद जताई कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और वार्ड में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।






