नीरज साहू हत्याकांड का खुलासा चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते हत्या

21

नारी महानदी पुल हत्याकांड का खुलासा: चावल व्यवसाय की रंजिश में 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

धमतरी l करीब दस दिन पहले नारी महानदी पुल पर हुए चर्चित नीरज साहू हत्याकांड का धमतरी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या की गई थी। मामले में 21 वर्षीय आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची एवं पाना भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कुरूद के मर्ग क्रमांक 118/2026, धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतक नीरज साहू पिता खुमान साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कुण्डेल, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होना पाया गया।

दिनांक 22 जुलाई 2026 को नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे तथा घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GT-7675 भी खड़ा मिला था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा शव पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों एवं परिजनों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई। जांच में धारदार वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा तत्काल थाना कुरूद, थाना मगरलोड एवं साइबर टीम की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल तथा एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने लगातार कई दिनों तक घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की।

पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए घटना से जुड़े संभावित मार्गों एवं क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों, घटनाक्रम तथा उपलब्ध सुरागों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। लगातार की गई मेहनत और साक्ष्यों के आपसी मिलान के बाद पुलिस संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंची।
संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह एवं मृतक दोनों चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का व्यवसाय अच्छा चलने एवं उसकी कमाई अधिक होने के कारण वह उसके प्रति अंदर ही अंदर रंजिश रखता था। इसी रंजिश और द्वेष के चलते उसने मौका पाकर नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर मृतक को रोककर कैंची एवं पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची एवं पाना बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया। पुलिस की सतत मेहनत से हत्याकांड का खुलासा हुआ। कुरूद पुलिस, मगरलोड पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक लगातार साक्ष्य जुटाते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य उपलब्ध सुरागों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। धमतरी पुलिस टीम की समन्वित कार्यवाही एवं त्वरित विवेचना के परिणामस्वरूप आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू, उम्र 21 वर्ष, पिता कन्हैया लाल साहू, निवासी ग्राम सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि गंभीर एवं सनसनीखेज अपराधों में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें कानून के शिकंजे में लाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Also Read

नीरज हत्याकांड: गिरफ्तारी नहीं होने पर साहू समाज का आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन