
धमतरी। कुरूद के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक श्री लेखराम साहू ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर तेलंगाना राज्य की संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रभारी दिनेश कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक में तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के कार्यकाल के दौरान पिछड़ा वर्ग संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पिछड़ा वर्ग समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने तथा कांग्रेस के गठबंधन को सशक्त बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राहुल गांधी के नेतृत्व में भविष्य में सरकार गठन के उद्देश्य से संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर भी चर्चा हुई।
श्री लेखराम साहू ने अपने संगठनात्मक कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन को सौंपा। इसके पश्चात उन्होंने अनुसूचित जनजाति (एसटी) कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गजेंद्र पाल गौतम, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा, छत्तीसगढ़ से लोकसभा सांसद फूलो देवी नेताम सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से भेंट कर विभिन्न समसामयिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।






