धमतरी वनोपज व्यावसायिक संघ की वार्षिक बैठक संपन्न, व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर मंथन

21

वनोपज व्यापार को नई दिशा देने पर हुआ मंथन, धमतरी जिला वनोपज व्यावसायिक संघ की वार्षिक बैठक संपन्न

धमतरी। केरेगांव के समीप स्थित डोकाल वन विभाग विश्राम गृह में रविवार को धमतरी जिला वनोपज व्यावसायिक संघ की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वनोपज व्यापार की वर्तमान चुनौतियों, भविष्य की संभावनाओं एवं व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ लघु वनोपज महासंघ के अध्यक्ष सत्यनारायण राठी के पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद संघ के पूर्व अध्यक्ष मदन लूनावत, अरविंद दोशी एवं नितिन चितलिया का भी सम्मान कर मंचासीन कराया गया।

संघ के अध्यक्ष इश्तियाक रोकड़िया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बैठक की शुरुआत की और मुख्य अतिथि सत्यनारायण राठी को संबोधन के लिए आमंत्रित किया। श्री राठी ने अपने उद्बोधन में वनोपज व्यापार में आ रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप नई कार्ययोजना और सामूहिक प्रयासों से इन कठिनाइयों का समाधान कर व्यापार को आगे बढ़ाया जा सकता है।
पूर्व अध्यक्ष मदन लूनावत ने कहा कि धमतरी का वनोपज व्यापार जिले की पहचान बन चुका है। समय-समय पर आने वाली चुनौतियों का समाधान आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच से संभव है। वहीं अरविंद दोशी एवं नितिन चितलिया ने भी व्यापार के विकास के लिए अपने सुझाव देते हुए भविष्य में भी संघ को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
संघ अध्यक्ष इश्तियाक रोकड़िया ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि श्यामतराई स्थित वनोपज आधारित औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा संघ के कुछ सदस्यों को भी वहां भूमि आवंटित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस कार्य में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, वन विभाग एवं डीएफओ का लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई योजनाओं और नवाचारों के माध्यम से धमतरी के वनोपज व्यापार को नई पहचान मिलेगी।
बैठक के दौरान संघ के सदस्यों ने व्यापार से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर भी अपने विचार रखे।
अंत में सुरेश राठी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक दोपहर भोज में सहभागिता की।
बैठक में हाजी गुलाम रोकड़िया, दिनेश खंडेलवाल, पवन भंसाली, दिलावर रोकड़िया, गौरेश शाह, बंटी चिमनानी, पीयूष शाह, शोएब रोकड़िया, नरेश बंग, प्रशांत जैन, शब्बीर भाई, भिखम नाहार, मोतीलाल जैन, नरेंद्र जायसवाल, आदित्य खंडेलवाल, हाजी शफी भाई, प्रकाश खटवानी, इरफान रोकड़िया, ज्ञानीराम रामटेके, हाफिज इस्माइल खत्री, अब्दुल कादर भाई एवं रिजवान रोकड़िया सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

ALSO READ

धमतरी में पंजाब नेशनल बैंक का MSME आउटरीच कार्यक्रम, 100 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा