
कोष्टापारा वार्ड में विकास को मिली नई गति : महापौर रामू रोहरा ने 11.73 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमि पूजन
सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं विविध विकास कार्यों से वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के कोष्टापारा वार्ड में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर श्री रामू रोहरा ने 11.73 लाख रुपये की अनुमानित लागत से होने वाले सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं विविध विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा तथा अध्यक्षता सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने की। विशिष्ट अतिथियों में लोक निर्माण विभाग के सभापति श्री विजय मोटवानी, भाजपा जिला महामंत्री श्री महेंद्र पंडित, एमआईसी सदस्य श्री अखिलेश सोनकर एवं श्रीमती विभा चंद्राकर, वार्ड पार्षद श्री संतोष सोनकर, पार्षद श्री मेघराज ठाकुर, श्रीमती चंद्रभागा साहू, श्रीमती अनीता अग्रवाल, श्री अज्जू देशलहरे, श्रीमती आशा नंदू लोधी, श्री संजय देवांगन, श्री राकेश चंदवानी तथा एल्डरमैन श्री अशोक सिन्हा, श्रीमती प्राची सोनी एवं श्री दिलीप पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कोष्टापारा वार्ड में सामुदायिक भवन का शेड निर्माण एवं सौंदर्यीकरण होने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। नगर निगम भी नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सामुदायिक भवन, उद्यान सहित अन्य जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रहा है। उन्होंने वार्डवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री संतोष सोनकर ने महापौर श्री रामू रोहरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों और सकारात्मक पहल से कोष्टापारा वार्ड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन में शेड निर्माण एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों से वार्डवासियों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा और क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने वार्डवासियों की ओर से महापौर रामू रोहरा का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में शिवनारायण छाटा, अजीत साहू, नील पटेल, रुखमणी सोनकर, ज्योति यादव, विशाल शर्मा, खिलेश्वर साहू, राजू सोनकर, बूथ अध्यक्ष ज्योति यादव, उषा निर्मलकर, देवेश साहू, कैलाश साहू, भुवन छाटा, राजू यादव, पप्पू यादव, किशुन ढीमर, रेखा शांडिल्य सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही।






