आईटीबीपी जवान खिलेश कुमार ध्रुव को नम आंखों से अंतिम विदाई, महापौर रामू रोहरा ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

1

धमतरी | जिला मुख्यालय से लगे ग्राम शंकरदाह निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में पदस्थ जवान खिलेश कुमार ध्रुव (32 वर्ष) का रविवार, 19 जुलाई को गुवाहाटी (असम) में असामयिक निधन हो गया। देश की सेवा में समर्पित एक युवा जवान के निधन की खबर से पूरे धमतरी जिले सहित उनके गृहग्राम शंकरदाह में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया। मंगलवार को जवान खिलेश कुमार ध्रुव का पार्थिव शरीर रायपुर रोड से होते हुए धमतरी पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग तिरंगा हाथों में लेकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरा वातावरण “खिलेश कुमार अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

जैसे ही पार्थिव शरीर उनके गृहग्राम शंकरदाह पहुंचा, पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांववासियों की आंखें भी नम हो गईं। हर किसी ने अपने वीर जवान को श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इसके पश्चात गृहग्राम शंकरदाह में पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ जवान खिलेश कुमार ध्रुव का अंतिम संस्कार किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने भी उपस्थित होकर दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि खिलेश कुमार ध्रुव ने राष्ट्र सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह सदैव युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। देश उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय खिलेश कुमार ध्रुव अपने सरल, मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के कारण परिवार, समाज और अपने साथियों के बीच अत्यंत सम्मानित थे। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा को अपना सर्वोच्च धर्म मानते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा की। उनका असामयिक निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धमतरी जिले के लिए अपूरणीय क्षति है। वीर जवान की स्मृतियां सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगी और उनका राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।