धमतरी: एसपी सूरज सिंह परिहार की विदाई पर जिला प्रशासन और पुलिस के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच

10

धमतरी। शासन द्वारा एसपी श्री सूरज सिंह परिहार का स्थानांतरण धमतरी जिले से कमांडेन्ट चौथी बटालियन माना किए जाने के उपलक्ष्य में उनके सम्मान एवं विदाई के अवसर पर रूद्री पुलिस ग्राउंड में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की पहल पर आयोजित इस मैत्री मुकाबले का उद्देश्य दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत करना था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने 12 ओवर में 9 विकेट पर 54 रन बनाए। टीम की कप्तानी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने की। जवाब में पुलिस विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 7 ओवर में एक विकेट खोकर 57 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा, जब एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग—तीनों भूमिकाओं में दमदार प्रदर्शन कर खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। उनके हरफनमौला खेल की सभी ने सराहना की।

मैच के बाद आयोजित सम्मान समारोह में अधिकारियों ने श्री परिहार के सफल, प्रेरणादायी और जनहितैषी कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय स्थापित हुआ, जिसने कानून-व्यवस्था और जनसेवा को नई मजबूती दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।