
धमतरी | नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की 171 महिलाओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने की। बैठक में श्री लूनिया ने सभी महिलाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड के हर घर से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाए तथा एक भी घर कचरा संग्रहण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में एसबीएम की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी महिलाओं को कचरे का अनिवार्य रूप से सेग्रीगेशन (गीला एवं सूखा कचरा पृथक्करण) करने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्लास्टिक, झिल्ली एवं डिस्पोजल जैसी सामग्री का उचित पृथक्करण कर निर्धारित स्थान पर ही भेजा जाए। उन्होंने बताया कि नालियों में इस प्रकार का कचरा फेंके जाने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव और अन्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। श्री लूनिया ने सभी कर्मचारियों एवं एसबीएम की महिलाओं से पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ धमतरी के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छ भारत मिशन की बैठक मे pwd सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि शहर का कोई भी घर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से नहीं छूटना चाहिए। प्रत्येक घर से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वार्डों के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर फॉगिंग का कार्य भी होना चाहिए,साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेंटर स्तर पर नियमित जन-जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।। जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रत्येक घर से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जो लोग घर का कचरा सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या नालियों में फेंकते हैं, उन्हें पहले समझाइश देकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा जाए। इसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति नियमों का पालन नहीं करता है और खुले में कचरा फेंकता है, तो उसके विरुद्ध नगर निगम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उक्त बैठक हेमंत बंजारे,कुलेश सोनी,स्वस्थ अधिकारी कमलेश ठाकुर,शशांक मिश्रा,तरुण गजेंद्र,श्यामू सोना,धनेश सिन्हा, चंदू साहू प्रमुख रूप से उपस्थित थे।






