महापौर रामू रोहरा ने जलभराव रोकने अधिकारियों की ली बैठक, सभी वार्डों में बेहतर जल निकासी के दिए सख्त निर्देश

9

बरसात से पहले एक्शन मोड में महापौर रामू रोहरा, जलभराव रोकने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

नालियों की सफाई, कचरा उठाव और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, नागरिकों से भी सहयोग की अपील

धमतरी। बारिश के मौसम में शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिक निगम धमतरी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर रामू रोहरा ने निगम अधिकारियों की बैठक लेकर शहर एवं सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वार्ड में बारिश का पानी जमा नहीं होना चाहिए और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
बैठक में नालियों की नियमित सफाई, बंद नालों को तत्काल साफ कराने, जलभराव वाले स्थानों की पहचान करने तथा वर्षा के दौरान निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि नालियों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव और जल निकासी तंत्र को पूरी तरह सुचारु रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड अमला लगातार वार्डों का निरीक्षण करता रहे और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निगम का पूरा अमला पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा।
महापौर रामू रोहरा ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे नालियों में कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट न डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही जलभराव जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।