शराब पार्टी का विवाद बना हत्याकांड, 8 घंटे में पुलिस ने दबोचे सभी आरोपी; दो नाबालिग भी शामिल

19

धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। गाली-गलौज के बाद हुई मारपीट में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए छह वयस्क आरोपियों समेत कुल आठ लोगों को पकड़ लिया है। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घटना 29 जून की रात डाही-बगदेही मार्ग स्थित शीतला मंदिर के पास मोबाइल टॉवर के नजदीक हुई। यहां गांव के कुछ युवक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (32) निवासी डाही का साथियों से विवाद हो गया। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने सड़क किनारे पड़े लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद एक अन्य युवक ने पास में पड़े बड़े पत्थर (बोल्डर) से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हुलास मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय अन्य साथी भी वहां मौजूद थे। सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की वजह हत्यात्मक चोटें पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में कुरूद थाना एवं साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने पूरी रात तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन ध्रुव (21), मुकेश यादव (19), अमन नेताम (19), रविशंकर पटेल (22), चंद्रशेखर पटेल (22) और सागर मरकाम (25), सभी निवासी ग्राम डाही शामिल हैं। इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर जब्त कर लिया। छह वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद हत्या जैसी गंभीर घटना में बदल गया। मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

जनदर्शन में फूटा ‘आवास’ का गुस्सा, पात्र परिवारों ने लगाए भेदभाव के आरोप