धमतरी में 10 घंटे के भीतर 3 युवाओं की मौत, दो थे करीबी दोस्त

1

धमतरी। धमतरी जिले में मंगलवार को महज करीब 10 घंटे के भीतर तीन युवाओं द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतकों में से दो युवक एक ही वार्ड के रहने वाले और आपस में करीबी दोस्त थे। सुबह एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला और शाम तक उसके दोस्त ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। तीसरी घटना ग्राम अछोटा की है।
पहली घटना मक्केश्वर वार्ड की है, जहां 25 वर्षीय संजू कुमार साहू, जो ई-रिक्शा चलाता था, का शव मंगलवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार संजू सोमवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
दूसरी घटना ग्राम अछोटा में हुई, जहां 27 वर्षीय ट्रैक्टर चालक गोपाल यादव ने अपने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।
तीसरी घटना संबलपुर बोडरा रोड की है। यहां मक्केश्वर वार्ड निवासी 23 वर्षीय अरविंद चतुर्वेदी का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि अरविंद और संजू आपस में घनिष्ठ मित्र थे। सुबह संजू का शव मिलने के बाद अरविंद भी घटनास्थल पर पहुंचा था। इसके कुछ घंटों बाद अरविंद द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। हालांकि दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीनों घटनाओं की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा समिति के शिवा प्रधान एवं गजानंद विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया। संबंधित थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
समाज के लिए गंभीर चेतावनी
एक ही दिन में तीन युवाओं की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याएं, आर्थिक दबाव, अकेलापन या अन्य व्यक्तिगत परिस्थितियां कई बार लोगों को गहरे संकट में डाल सकती हैं।
यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति लगातार उदास, निराश या असामान्य व्यवहार कर रहा हो, तो उससे बात करें, उसका साथ दें और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय सहायता सेवाओं से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित करें। समय पर मिला सहयोग किसी की जान बचा सकता है।