शराब पीने के दौरान खूनी संघर्ष, युवक की पीट-पीटकर हत्या

9

साथ बैठकर पी रहे थे शराब, गाली-गलौज के बाद डंडे और पत्थर से हमला, दो नाबालिग समेत कई हिरासत में

धमतरी। जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अर्जुनी थाना क्षेत्र में युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो वायरल होने और नगरी के चर्चित मछली कारोबारी हत्याकांड का खुलासा होने के कुछ ही घंटे बाद कुरूद थाना क्षेत्र में एक और हत्या की वारदात सामने आई है। इस बार शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही की है। 29 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के शीतला मंदिर के सामने स्थित मोबाइल टॉवर के पास 8 से 9 युवक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ग्राम डाही निवासी हुलास मंडावी (35) का साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद हुलास मंडावी के साथ हाथ-मुक्कों और डंडों से मारपीट की गई तथा उसके सिर पर बड़े पत्थर से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार घटना में शामिल युवक कुरूद से शराब लेकर गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हुलास मंडावी के पास शराब नहीं थी। उसने साथियों से शराब मांगी, जिसके बाद उसे शराब पिलाई गई। नशे की हालत में वह गाली-गलौज करने लगा और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी बात को लेकर विवाद हिंसक हो गया और उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने देर रात ही कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामले में करीब आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दो लोगों की भूमिका मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। सभी आरोपियों की भूमिका, हत्या के वास्तविक कारण और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद विस्तृत खुलासा किया जाएगा।