
धमतरी l जिले के नगरी विकासखंड स्थित ग्राम सियादेही में जिला प्रशासन द्वारा विकसित एकीकृत प्रारंभिक शिक्षा मॉडल का शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने एक ही परिसर में संचालित लाइका घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक शाला का अवलोकन करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लाइका घर में बच्चों की शैक्षणिक, रचनात्मक एवं खेल आधारित गतिविधियों को देखा तथा बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक भोजन, नाश्ता और अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था में गुणवत्तापूर्ण देखभाल और सीखने का वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।
इसके बाद कलेक्टर ने परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर शिक्षण एवं खेल सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उपलब्ध शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग के लिए नियमित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि बच्चों को गतिविधि आधारित और आनंददायी प्रारंभिक शिक्षा मिल सके।
इस दौरान कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों के साथ केक काटकर उनकी खुशियों में सहभागिता निभाई और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
सियादेही बना एकीकृत प्रारंभिक शिक्षा का मॉडल
जिला प्रशासन की पहल पर ग्राम पंचायत सियादेही में एक ही परिसर में लाइका घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक शाला की स्थापना की गई है। इस अभिनव मॉडल के माध्यम से 6 माह से 10 वर्ष तक के बच्चों को उनकी आयु के अनुरूप देखभाल, पोषण, पूर्व-प्राथमिक एवं प्राथमिक शिक्षा की समन्वित सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह मॉडल बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, विद्यालय में प्रवेश और शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित करने तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करने में सहायक होगा। साथ ही अभिभावकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिलने से समय और आवागमन की भी सुविधा मिलेगी। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक, एसडीएम प्रीति दुर्गम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी रोहित बोर्झा, तहसीलदार ख्याति कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






