बिजली दर बढ़ोतरी पर भड़की कांग्रेस, अनिला भेड़िया बोलीं- जनता पर डाला जा रहा आर्थिक बोझ

1
धमतरी। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिला भेड़िया ने बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को धमतरी के राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार बिजली महंगी कर आम जनता, किसानों और छोटे कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
भेड़िया ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह पांचवीं बार है जब बिजली दरों में वृद्धि की गई है। उनके अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक दरें बढ़ाई गई हैं। इससे किसानों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले से ही उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं, वहीं हाल के महीनों में कई लोगों के बिजली बिल सामान्य से तीन से चार गुना तक बढ़कर आने की शिकायतें सामने आई हैं। इसके बावजूद सरकार राहत देने के बजाय लगातार बिजली दरों में वृद्धि कर रही है। उन्होंने विद्युत ईंधन अधिभार (एफपीपीएएस) के नाम पर की गई बढ़ोतरी को भी जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भेड़िया ने कहा कि प्रदेशभर से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कई जगह स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं के बिल अचानक बढ़ गए हैं। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा कराने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत मिलती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर जनता से किए गए वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने प्रदेश में जारी बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि एक ओर लोगों को निर्बाध बिजली नहीं मिल रही, दूसरी ओर बढ़े हुए बिलों का बोझ उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से बिजली दर वृद्धि वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, लेखराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।