
धमतरी। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं तथा बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया विशेष रूप से शामिल हुए। कलेक्ट्रेट घेराव के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट मोड़ पर एकत्रित हुए और पदयात्रा करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। बैज ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और किसान खाद-बीज जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान हैं। उन्होंने अघोषित बिजली कटौती और बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि यह सुशासन नहीं बल्कि कुशासन का उदाहरण है। पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने भी भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और कर्मचारियों सहित हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, विपिन साहू, विजय देवांगन, अरविंद दोशी, नीलम चंद्राकर, गोपाल शर्मा, कविता बाबर, आनंद पवार, योगेश शर्मा, नीशू चंद्राकर, तपन चंद्राकर, आलोक जाधव, दीपक सोनकर, खिलेन्द्र ध्रुव, गौतम वाधवानी, होमन्द्र साहू, सूर्याराव पवार, सलीम रोकड़िया, वसीम कुरैशी, नरेश जसुजा, राजेन्द्र साहू, योगेश लाल, आकाश गोलछा, राजा देवांगन, राजकुमारी दिवान, माहिम शुक्ला, मदन मोहन खंडेलवाल, विशु देवांगन, सुमन मेश्राम, शास्त्री सोनवानी, बृजेश जगताप, मंजीत छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






