
धमतरी। जिले में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में ग्राम अकलाडोंगरी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के पास पेयजल समस्या को दूर करने के लिए नवीन नलकूप का सफलतापूर्वक खनन कराया गया है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर की गई इस पहल से स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों, स्वास्थ्य कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, 5 जून को ग्राम कोड़ेगांव-बी में आयोजित समाधान शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अकलाडोंगरी में प्रारंभ होने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर स्थल का निरीक्षण कराया और अल्प समय में स्वास्थ्य केंद्र के पास नवीन नलकूप का खनन कार्य पूरा कर लिया।
नवीन नलकूप के शुरू होने से अब स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इससे स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि गंगरेल डुबान प्रभावित क्षेत्रों सहित जिले के सभी हिस्सों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।






