धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश, 24 लाख के सोना-चांदी के जेवर व नगदी बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार

24

सूने मकानों को बनाते थे निशाना, चोरी का माल खरीदने वाले और छिपाने में मदद करने वालों पर भी कार्रवाई; दो बड़ी चोरी और बाइक चोरी का खुलासा

धमतरी। धमतरी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूने मकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 24 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन और औजार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना नगरी क्षेत्र की निवासी राधिका साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5-6 जून 2026 को अपने घर में ताला लगाकर ग्राम जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन के लिए गई थीं। 8 जून को घर में काम करने वाली महिला ने सूचना दी कि मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ है और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। घर पहुंचने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने आलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना और नगरी थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। जांच के दौरान हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले सूने मकान की रेकी की और फिर पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। लोहे की रॉड से आलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने थाना नगरी के एक अन्य चोरी के मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना को भी कबूल किया, जिसके बाद चोरी गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात और सामान को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। चोरी के कुछ आभूषण आरोपी पुष्पजीत खरे ने नोवल जैन को बेच दिए थे, जबकि आरोपी लक्की गुप्ता ने चोरी का कुछ सामान अपनी मां सीमा गुप्ता के पास छिपाकर रखा था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और छिपाने में सहयोग करने के आरोप में दोनों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने आरोपियों से 144.11 ग्राम सोना, लगभग 2167.845 ग्राम चांदी, 11,300 रुपये नगद, दो एप्पल मोबाइल, दो विवो मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-23-P-6597) बरामद की है। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 24 लाख रुपये बताया गया है।
धमतरी पुलिस ने सराफा व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थिति में सोना-चांदी या अन्य कीमती सामान बेचने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। साथ ही लोगों से अपने कीमती आभूषण बैंक लॉकर में सुरक्षित रखने और घर को लंबे समय तक सूना नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है।