
जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के आयोजन में कई राज्यों के 550 से अधिक प्रतिभागी हुए शामिल, विभिन्न वर्गों में विजेताओं को मिले आकर्षक नगद पुरस्कार
धमतरी। युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति, धमतरी द्वारा रविवार को गंगरेल बांध की मनमोहक वादियों के बीच राष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह 6:30 बजे शुरू हुई इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न श्रेणियों में महाराष्ट्र, राजनांदगांव, रायपुर और धमतरी के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
धमतरी जिले में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस का मार्ग गंगरेल बांध से कोटाभर्री, मुड़पार, बरारी और रुद्री होते हुए पुनः गंगरेल तक निर्धारित किया गया था। लगभग 12 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं छोटे बच्चों के लिए 2 किलोमीटर की विशेष रेस आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष, 10 से 15 वर्ष तथा 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई थीं। बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ गियर और नॉन-गियर साइकिल श्रेणियों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, ताकि सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
आयोजकों ने विभिन्न वर्गों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार घोषित किए थे। 16 वर्ष से अधिक आयु के बालक वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय 25 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये रखा गया था। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया। छोटे बच्चों की श्रेणियों में भी प्रथम से लेकर छठे स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को नगद पु

रस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, हेमलता शर्मा, उदयभान सिंह चौहान, जागेंद्र साहू सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राकेश साहू, चंद्रशेखर बंदे, पीतांबर सिंह और संजय पवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति के प्रमुख खुबलाल ध्रुव ने बताया कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास की यादगार प्रतियोगिताओं में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और भी बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
पुरुष वर्ग (गियर साइकिल):
प्रथम – सिद्धेश पाटील (महाराष्ट्र), द्वितीय – रेहान शेख (महाराष्ट्र), तृतीय – आयुष (हरियाणा), चतुर्थ – गोपाल (हरियाणा), पंचम – नवीन राठी (हरियाणा), षष्ठम – अतुल प्रधान (रायगढ़)।
पुरुष वर्ग (नॉन-गियर):
प्रथम – नंदकिशोर (राजनांदगांव), द्वितीय – साजन कुर्रे (रायपुर), तृतीय – राजेश सिंह (बालोद), चतुर्थ – संतोष गुप्ता (बिलासपुर), पंचम – कमल (बालोद), षष्ठम – करण यादव (धमतरी)।
महिला वर्ग:
गियर साइकिल – प्रथम जीनत (महाराष्ट्र), द्वितीय हरविंदर (हरियाणा)।
नॉन-गियर – प्रथम गोमती साहू (रायपुर), द्वितीय किरण साहू (बालोद), तृतीय नम्रता नेताम (धमतरी), चतुर्थ इंद्राणी (धमतरी)।
10 से 15 वर्ष आयु वर्ग:
वेद प्रकाश, डिगेश नेताम, वासु साहू, हेमंत साहू, तनिष्का खंडेलवाल और वनिका कावड़े विजेता रहे।
5 से 10 वर्ष आयु वर्ग:
सोनम नेताम, गणिका तारक, खिलेंद्र सिन्हा, युवराज, लक्ष्य, रोहन विश्वकर्मा और काव्यांश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए।






