जोधापुर आंगनबाड़ी केंद्र का आयुक्त प्रिया गोयल ने किया निरीक्षण, कुपोषण मुक्ति पर दिया जोर

8

धमतरी। स्वच्छ एवं सुंदर धमतरी अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने जोधापुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पालकों के साथ बैठक कर बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए जरूरी सुझाव दिए।
आयुक्त ने गंभीर कुपोषित बच्चों को निर्धारित समयावधि के लिए एनआरसी भेजने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, पौष्टिक आहार एवं भोजन की गुणवत्ता की जानकारी लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को आवश्यक निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का नियमित रूप से वजन किया जाए और पालकों को समय-समय पर बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति से अवगत कराया जाए। साथ ही बच्चों की दैनिक दिनचर्या और खानपान पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बच्चों को पौष्टिक आहार, फल एवं पानी की बोतल वितरित की।
इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता डाली देवांगन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।