
धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के लाल बगीचा वार्ड में जिला खनिज न्यास (DMF) मद से चल रहे आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य पर गुणवत्ता संबंधी जांच पूरी होने तक अस्थायी रोक लगा दी गई है। आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य प्रगति का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर निर्माण सामग्री के सैंपल लेकर तकनीकी परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
आयुक्त के निर्देशानुसार संबंधित ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।
नगर निगम ने कहा है कि परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्माण गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें।





