
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने संबंधी संकल्प प्रस्तुत किए जाने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित कार्यालय में सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी।
रंजना साहू ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के अधिकार, सम्मान और नेतृत्व को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और जब महिलाओं को अवसर एवं निर्णय लेने का अधिकार मिलता है, तभी समाज और देश वास्तविक रूप से आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को उनका हक और सम्मान देने का संकल्प है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना सहित महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लगातार महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं।
रंजना साहू ने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत यह संकल्प महिलाओं के प्रति मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता और उनकी मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने समस्त महिलाओं की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।





