श्री रावतपुरा सरकार का 12 करोड़ लक्ष्यार्चन संकल्प, 1 मई को शांति वाटिका में भव्य आयोजन

70

धमतरी | संत शिरोमणी श्री रविशंकर जी महाराज द्वारा 12 वर्ष पूर्व धमतरी की पावन धरा पर लिया गया 12 करोड़ लक्ष्यार्चन का संकल्प अब पूर्ण होने जा रहा है। इस अवसर पर 1 मई 2026 को सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका में शाम 7 बजे भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 11 लाख लक्ष्यार्चन संपन्न होगा। आयोजन की तैयारियों में भक्त मंडल के सदस्य जुटे हुए हैं।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री रावतपुरा सरकार भक्त मंडल धमतरी के सदस्य दिनेश राठी ने बताया कि वर्ष 2014 में गुरुदेव श्री रावतपुरा सरकार उनके निवास पर पधारे थे। उसी दौरान 12 करोड़ लक्ष्यार्चन का संकल्प लिया गया था। पिछले 12 वर्षों में देशभर के अलग-अलग स्थानों पर लक्ष्यार्चन आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि मां राजराजेश्वरी द्वादश लक्ष्यार्चन कार्यक्रम में 1100 श्रद्धालु एक साथ अर्चन करेंगे। कार्यक्रम में मंच से मंत्रोच्चार होगा तथा माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं द्वारा फल, फूल, मिठाई, नमकीन, पान, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार लक्ष्यार्चन में शामिल होने वाले श्रद्धालु कुर्ता-धोती पहनकर आ सकते हैं। आयोजन स्थल पर लगभग 200 धोतियों की व्यवस्था भी की जाएगी। पूजन सामग्री आयोजक मंडल की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
कई राज्यों में हो चुका है लक्ष्यार्चन
दिनेश राठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में लक्ष्यार्चन कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। रायपुर, धमतरी और भानुप्रतापपुर में भी यह आयोजन संपन्न हो चुका है। उन्होंने कहा कि राजराजेश्वरी लक्ष्यार्चन देवी उपासना का महत्वपूर्ण माध्यम है और श्री रावतपुरा सरकार के आश्रमों में लगभग 600 पंडित मंत्रोच्चार कार्य में जुड़े हुए हैं।
समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय संस्था
श्री रावतपुरा सरकार की संस्था धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है। संस्था द्वारा अनाथालय, वृद्धाश्रम, गौसेवा, मेडिकल कॉलेज, स्कूल एवं विश्वविद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों में भावना राठी, आनंद भल्ला, हेतल संघवी, नरेन्द्र गोलछा, गंगा प्रसाद और भीखम नाहर सहित भक्त मंडल के सदस्य जुटे हुए हैं। आयोजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण भी किया जाएगा।