
धमतरी पुलिस की मानवीय पहल: अर्धविक्षिप्त महिला को सुरक्षित पहुंचाया मानसिक उपचार केन्द्र, थाना अर्जुनी पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता, बेसहारा महिला को दिलाया उपचार, न्यायालय की अनुमति से बिलासपुर सेन्द्री केन्द्र में कराया गया भर्ती
धमतरी । जिला धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक अज्ञात अर्धविक्षिप्त महिला को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसे उचित उपचार हेतु मानसिक उपचार केन्द्र सेन्द्री, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में भर्ती कराया गया है।धमतरी पुलिस थाना अर्जुनी को दिनांक 14.04.2026 को ग्राम कलारतराई, थाना अर्जुनी क्षेत्र में एक अज्ञात महिला भटकती हुई पाई गई। पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम सुनीता (उम्र लगभग 42-45 वर्ष) बताया, किंतु पिता, पति एवं निवास संबंधी कोई जानकारी देने में असमर्थ रही। महिला की मानसिक स्थिति असामान्य होने तथा असहाय अवस्था को देखते हुए उसे सुरक्षार्थ सखी सेंटर धमतरी के सुपुर्द किया गया।
साथ ही पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा ऐसे असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए तत्काल आवश्यक सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया था।महिला के स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसे जिला चिकित्सालय धमतरी में परीक्षण हेतु ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरांत उसकी मानसिक स्थिति को गंभीर मानते हुए उसे बेहतर उपचार हेतु मानसिक उपचार केन्द्र सेन्द्री, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) रिफर किया गया।
तत्पश्चात न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, धमतरी से अनुमति प्राप्त कर थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए उक्त महिला को सुरक्षित रूप से मानसिक उपचार केन्द्र सेन्द्री, बिलासपुर में विधिवत भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।धमतरी पुलिस द्वारा इस प्रकार की मानवीय पहल के माध्यम से समाज के कमजोर एवं असहाय वर्गों की सहायता हेतु निरंतर प्रयास जारी रहेगी।






