धमतरी में हेरोइन तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: चिट्टा बेचते 2 आरोपी गिरफ्तार

51

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड के पीछे स्विफ्ट कार में कर रहे थे नशे का सौदा

धमतरी l धमतरी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 47,000 रुपये है।
जप्त सामग्री का विवरण:
10.30 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ₹47,000)
नगद राशि ₹12,000 (नशा बिक्री से संबंधित)
मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (कीमत ₹1,50,000)
iPhone 11 (कीमत ₹10,000)
Vivo Y31 स्मार्टफोन (कीमत ₹10,000)
अन्य सामग्री: लाईटर एवं एल्युमिनियम फॉयल
कुल जप्त संपत्ति का मूल्य लगभग ₹2,29,020 आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार, धमतरी
मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बाड़ी, दुर्ग
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 21(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे तुरंत ऐसे कार्यों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।