
“हम होंगे कामयाब” की मधुर गूंज के बीच गीत-नृत्य से बढ़ा हौसला, राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए तैयार खिलाड़ी
धमतरी | मानसिक दिव्यांग बच्चों के प्रशिक्षण एवं सेवा केंद्र सार्थक स्कूल में विशेष खिलाड़ियों सत्यांशु दीप एवं ईशु बनपेला के सम्मान में एक भावनात्मक “Good Luck Function” का आयोजन किया गया। दोनों खिलाड़ियों का चयन स्पेशल ओलम्पिक भारत – छत्तीसगढ़ की यूनिफाइड फुटबॉल टीम में हुआ है, जो 6 से 10 अप्रैल 2026 तक सीडीएस, ग्वालियर में आयोजित “Meet the World” फुटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान सहपाठियों ने “हम होंगे कामयाब” गीत की मधुर प्रस्तुति दी तथा उत्साहपूर्ण नृत्य के माध्यम से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। बच्चों द्वारा बनाए गए आकर्षक चार्ट्स पर लिखे “All the Best Champions”, “Go Shine Champions” एवं “Go for Glory” जैसे प्रेरणादायक संदेशों ने पूरे वातावरण को गर्व और उल्लास से भर दिया।इस अवसर पर खिलाड़ियों को शूज, सॉक्स, कैप एवं टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया गया। खेल प्रशिक्षक देविका दीवान एवं काजल रजक के मार्गदर्शन में सत्यांशु एवं ईशु ने फुटबॉल की उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। तालियों की गूंज और “सत्यांशु-ईशु” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। सार्थक की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने बताया कि, यूनिफाइड फुटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ के 5 विशेष बच्चे, एक पार्टनर खिलाड़ी एवं एक कोच सहित कुल 7 सदस्यीय दल 5 अप्रैल को ग्वालियर के लिए रवाना होगा। इसी अवसर पर सत्यांशु एवं ईशु के सम्मान एवं हौसला-अफज़ाई के लिए यह “Good Luck Function” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था की सचिव स्नेहा राठौड़, सहसचिव वंदना मिराणी, प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, कौशिल्या यादव, सुनैना गोड़े एवं सुभाष मलिक सहित समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।





