ट्रक ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर मौत

174

डीपीएस स्कूल के पास भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर मौत
धमतरी l रायपुर रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मानपुर से कलिंदर भरकर आ रही एक पिकअप वाहन रास्ते में पंचर हो जाने के कारण डीपीएस स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ी थी। पिकअप चालक और उसका सहयोगी वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही कच्चा लोहा लोड अशोक लीलैंड ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर जाकर पलट गई।
हादसे में पिकअप चालक चेतन साहू (25 वर्ष) निवासी भेण्डी मगरलोड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसका सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) घायल हो गया, जिसे हाथ में चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा संस्था के सदस्य शिवा प्रधान, डूमन साहू, योगेश साहू और अमन साहू मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी भिजवाया गया।
बाद में टोल प्लाजा की क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क को साफ कराया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। अर्जुनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।