
मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर महापौर रामू रोहरा के साथ जनप्रतिनिधियों की सशक्त उपस्थिति
धमतरी। स्वामी विवेकानंद कॉलोनी गली नंबर–4 स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा जी की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। महापौर ने भगवान नीलकंठ महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन कर नगर की सुख-समृद्धि, शांति और तेज़ विकास की कामना की। इस अवसर पर पार्षद श्री पिंटू यादव, श्री कुलेश सोनी, श्री ईश्वर सोनकर, श्री संतोष सोनकर एवं पूर्व वार्ड पार्षद श्रीमती सुशीला तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धापूर्वक पूजन में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की। महापौर श्री रोहरा ने कहा कि धार्मिक आस्था के केंद्रों का संरक्षण और विकास वर्तमान नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था और विकास को साथ लेकर चलना ही मजबूत और संस्कारवान समाज की पहचान है। आने वाले समय में मंदिर परिसर के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु नगर निगम द्वारा हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण शिवमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महापौर ने आयोजन समिति एवं कॉलोनीवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम जनता की आस्था और विश्वास दोनों पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्यरत है।






