धमतरी की स्वच्छता क्रांति : 579 से छलांग लगाकर टॉप 100 में शामिल, पहली बार मिला 3 स्टार गौरव

32

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सम्मान | निगम, दीदी और नागरिकों की मेहनत लाई रंग

71वीं रैंक | पहली बार ODF++ और 3 स्टार सर्टिफिकेशन

धमतरीl छत्तीसगढ़ का धमतरी नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन 2024-25 के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में 71वें स्थान पर पहुंचकर इतिहास रच दिया है। पिछली बार की 579वीं रैंक से इतनी बड़ी छलांग धमतरी की टीम व नागरिकों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। पहली बार निगम को 3 स्टार सर्टिफिकेशन और ODF++ (खुले में शौच मुक्त ++) प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने पुरस्कार प्रदान किया। देशभर के 75 शहरों को 74 अवॉर्ड 4 कैटेगरी में दिए गए।

उपलब्धि के सूत्रधार : प्रशासन, निगम, दीदी और नागरिक

इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे जिला प्रशासन, नगर निगम, सफाई कर्मियों, स्वच्छता दीदियों, सुपरवाइजरों और जागरूक नागरिकों का अहम योगदान है।
कलेक्टर अभिनाश मिश्रा, महापौर रामू रोहरा और आयुक्त प्रिया गोयल के नेतृत्व में नियमित निरीक्षण, कचरा पृथक्करण, गीला-सूखा कचरा प्रबंधन, बाजारों को प्लास्टिक मुक्त करना जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया।

कलेक्टर मिश्रा ने प्रशासनिक अमले के साथ लगातार बैठकों के जरिए कार्ययोजना बनाई।
महापौर रामू रोहरा ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद किया।
आयुक्त प्रिया गोयल ने निगरानी तंत्र को मजबूत किया।
उपायुक्त पीसी सार्वा और शशांक मिश्रा की टीम ने जमीनी स्तर पर इसे अमल में लाया।

स्वच्छता ऐप, मॉनिटरिंग, फीडबैक से बनी बात

नगर निगम ने फीडबैक, रियल टाइम मॉनिटरिंग और नागरिक शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए स्वच्छता ऐप्स का बेहतर उपयोग किया।
स्कूल, बाजार, धार्मिक स्थल, आवासीय क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए गए।

1 लाख रुपए का इनाम : स्वच्छता प्रतियोगिता की घोषणा

महापौर और आयुक्त ने सभी वार्डों के बीच स्वच्छता प्रतियोगिता की घोषणा की है। सबसे स्वच्छ, सुंदर और अनुशासित वार्ड को ₹1 लाख का नगद इनाम मिलेगा। इससे हर वार्डवासी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।

प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए “बर्तन बैंक” की शुरुआत

सभापति नीलेश लूनिया और महापौर की पहल पर नगर निगम दो स्थानों पर नि:शुल्क “बर्तन बैंक” शुरू करेगा। शादियों और आयोजनों के लिए यहां से स्टील के बर्तन नि:शुल्क उपलब्ध होंगे, जिससे प्लास्टिक और डिस्पोजल के उपयोग में भारी कमी आएगी।

धमतरी का संदेश : “स्वच्छ धमतरी – सुंदर धमतरी” अब सिर्फ नारा नहीं, एक मिसाल है