
धमतरी l जिले के युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयास लगातार सफल होते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में जिला कार्यालय धमतरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को जॉब ऑफर लेटर एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, कुरूद द्वारा संचालित सोलर, ब्यूटी एवं हॉस्पिटैलिटी ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को रोजगार से संबंधित नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर ने युवाओं से सीधा संवाद कर प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के अनुभव साझा करने को कहा। उन्होंने रोजगार मिलने पर उनकी भावनाओं और प्रशिक्षण के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान युवाओं ने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और रोजगार हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि भविष्य में अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मित्रों, रिश्तेदारों और परिचितों को भी कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ लेकर रोजगार से जुड़ सकें।
उन्होंने प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और मधुरिमा गुरुकुल सहित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन संस्थाओं के प्रयासों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद कई युवाओं का विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों में चयन हुआ है। आंध्रप्रदेश के गुंटूर स्थित रिन्सेस ब्यूटी केयर में अंजली टंडिया, कविता, मानसी देशमुख और होमेश्वरी का चयन किया गया है। वहीं गुंटूर के क्रासा फैमिली सैलून में मीनाक्षी, मुस्कान, मनीषा, दुर्गा, सुमन, नेहा और लक्ष्मी को रोजगार मिला है। चयनित युवतियों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार 500 रुपये भोजन एवं आवास सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार हैदराबाद स्थित थास्विका हेयर सैलून में नाजिया परवीन, प्रीति ध्रुव, खेमलता और हितेश्वरी का चयन हुआ है। उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार रुपये भोजन एवं आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और कौशल विकास के माध्यम से रोजगार सृजन के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने युवाओं से अपने कार्यस्थल पर अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के क्लस्टर प्रमुख मोतीलाल देवांगन, केंद्र प्रमुख भोजलाल साहू एवं रितिका देवांगन, प्लेसमेंट एसोसिएट हेमराज साहू सहित दानीराम, कमल साहू और तृप्ति सोनकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






