प्रसिद्ध हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया गहरा शोक

23

रायपुर l छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध हास्य कवि एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे के निधन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. दुबे का निधन साहित्य जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी लेखनी में जो जीवंतता, हास्य के माध्यम से गहरी सामाजिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा दिखाई देती थी, वह सदा साहित्य प्रेमियों और नव लेखकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

डॉ. सुरेंद्र दुबे को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया था। उन्होंने देश-विदेश में अपनी हास्य कविताओं से छत्तीसगढ़ और हिंदी साहित्य को नई पहचान दिलाई। उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने न केवल एक वरिष्ठ साहित्यकार को खोया है, बल्कि एक संवेदनशील और सामाजिक दृष्टिकोण रखने वाले व्यक्तित्व को भी।