जनता की जरूरतों के अनुरूप हो रहा विकास : रंजना साहू
कौशिल्या देवांगन ने कहा—विकास कार्यों से डिपोपारा में बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के सोरिद वार्ड अंतर्गत डिपोपारा में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू के करकमलों से विधिवत सम्पन्न हुआ। इस दौरान सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, बाउंड्री वॉल, बोर खनन सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।कार्यक्रम में अध्यक्षता नगर पालिक निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने किया। भूमिपूजन के पश्चात श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने वार्डवासियों के साथ बैठकर क्षेत्र के विभिन्न विषयों एवं स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से उनकी समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं तथा वार्ड के विकास से जुड़े विषयों की जानकारी ली और संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। श्रीमती साहू ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की आवश्यकताओं को समझना और उनके साथ संवाद कर प्राथमिकता तय करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।सामुदायिक भवन में शेड निर्माण एवं बाउंड्री वॉल से सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। वहीं बोर खनन से क्षेत्र की जल संबंधी आवश्यकता को पूरा करने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान रंजना डीपेंद्र साहू से उपस्थित नागरिकों ने वार्ड के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव भी साझा किए। श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने कहा कि जनता की सहभागिता और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। नगर पालिक निगम सभापति एवं सोरिद वार्ड की पार्षद श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि डिपोपारा में सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, बाउंड्री वॉल, बोर खनन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन वार्डवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इन कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को सार्वजनिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।श्रीमती देवांगन ने विकास कार्यों के लिए सहयोग प्रदान करने पर श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू का आभार व्यक्त करते कहा कि सोरिद वार्ड को सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित वार्ड बनाने के लिए नागरिकों की सहभागिता के साथ विकास की प्रक्रिया निरंतर आगे बढ़ाई जाएगी। वार्ड की प्रत्येक आवश्यक समस्या को सामने लाकर उसके समाधान के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व पार्षद रितेश नेताम, अंकालू राम साहू, पीताम्बर साहू, काशी राम साहू, युवा प्रकोष्ठ पंकज गौतम, बूथ अध्यझ चन्द्रहास सेन, राम खिलावन कंवर, रामकुमार साहू, ढेरहा राम साहू, मिलाऊँ राम सिन्हा, कमल सेन, इंद्रेश देवांगन, ढालू राम, रामकुमार रजक, महिला प्रभारी रेखा मांझल, पांचो बाई, कृष्णा बाई, कुमारी ढीमर, लीला बाई, आकाश बाई सहित कार्यकर्ता व वार्डवासीगण, डिपोपारा के नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
