सेवा संकल्प अभियान: कुकरेल में रोटरी क्लब का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न

0

1,500 से अधिक बच्चों एवं ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और जनसेवा गतिविधियों का लाभ

स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक

धमतरी । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से रोटरी क्लब धमतरी द्वारा शुक्रवार को ग्राम कुकरेल के शासकीय शैक्षणिक परिसर में द्वितीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में आसपास की ग्राम पंचायतों के 1,500 से अधिक बच्चों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए प्रेरक व्याख्यान, करियर मार्गदर्शन, बालिका स्वास्थ्य जागरूकता, भोजन वितरण, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और नशामुक्ति की शपथ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विवेक गुप्ता, जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. विभोर नंदा एवं डॉ. सुमित गुप्ता, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मुरारी वाशानी, डॉ. श्रुति वाशानी एवं डॉ. कंचन अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपा मित्तल तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता चटर्जी ने अपनी सेवाएं दीं। आसपास के लगभग छह विद्यालयों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के मोटिवेशनल वक्ता रोटेरियन राकेश झावर ने ‘जुनून से जीत तक’ विषय पर लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर मेहनत का महत्व बताया। रोटेरियन सलज अग्रवाल ने करियर मार्गदर्शन एवं नागरिक जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य चुनने के लिए प्रेरित किया।

बालिका स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता एवं मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी दी गई तथा सैनिटरी पैड वितरित किए गए। विद्यालय परिसर में पांच पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। रोटेरियन अजय गोयल ने पूर्व में लगाए गए लगभग छह हजार पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की आवश्यकता बताई। रोटेरियन नंदन दोशी के नेतृत्व में डस्टबिन वितरण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निपटान करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशामुक्ति की शपथ दिलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी महत्वपूर्ण : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविर लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनभागीदारी और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके।

सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन

कार्यक्रम में रोटरी क्लब धमतरी के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र शर्मा सहित रोटरी क्लब के अनेक सदस्य, विशेषज्ञ चिकित्सक एवं इनर व्हील क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष मीनू अग्रवाल सहित रश्मि श्रीवास्तव, सरिता अग्रवाल एवं अन्य सदस्याओं ने भी सहयोग दिया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत की सहभागिता से आयोजन संपन्न हुआ।

रोटरी क्लब धमतरी के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों की सहायता करना रोटरी का मूल उद्देश्य है। स्वास्थ्य के साथ शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, चिकित्सकों, रोटरी सदस्यों एवं इनर व्हील क्लब की सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, विद्यार्थियों को प्रेरित करने और समुदाय में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनजागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।