उड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे आरोपी, मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त
धमतरी । नशे के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699 में दो व्यक्ति उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर परिवहन करते हुए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मेन रोड रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी की।
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन क्रमांक के आधार पर मोटरसाइकिल को रोककर दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। विधिवत तलाशी लेने पर उनके ट्रॉली बैग और सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये बताई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699, कीमत 1.50 लाख रुपये तथा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, कीमत 10 हजार रुपये भी जब्त किया। इस तरह कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27 वर्ष), पिता इस्लाम, निवासी बेहडा सादात, बहरह सादत ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) तथा तुषार कश्यप (23 वर्ष), पिता अनिल कुमार कश्यप, निवासी एफ-178, गली नंबर 05, चांद बाग, करावल नगर, मंदिर मार्ग, उत्तर पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 70/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों को 09 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
