एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में बैंक, उप-डाकघर, स्वास्थ्य केंद्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को किया साइबर जागरूक
09 प्रमुख स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 300 से अधिक नागरिकों, बैंक उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
धमतरी | छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में दिनांक 29 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना कुरूद क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा में निरीक्षक अवध राम साहू एवं पुलिस टीम द्वारा बैंक कर्मचारियों एवं ग्राहकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। थाना भखारा द्वारा एसबीआई शाखा, थाना अर्जुनी द्वारा सहकारी ग्रामीण बैंक तरसींवा एवं अर्जुनी, थाना रूद्री द्वारा उप-डाकघर, थाना सिहावा एवं चौकी दुगली द्वारा छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक दुगली शाखा, थाना बिरेझर द्वारा छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक सिर्री तथा थाना मगरलोड द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में थाना केरेगांव क्षेत्र के भोथापारा मंच के पास आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। सभी स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा नागरिकों, बैंक उपभोक्ताओं, ग्रामीणों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस टीमों ने नागरिकों को साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा संचार साथी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध साइबर सुरक्षा सुविधाओं का लाभ लेने की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्कता बरतने एवं किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहने की अपील की गई।
29 अगस्त 2026 जिले में आयोजित 09 प्रमुख जागरूकता कार्यक्रमों में लगभग 400 से अधिक नागरिकों, बैंक उपभोक्ताओं, ग्रामीणों एवं अन्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, UPI सुरक्षा एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
धमतरी पुलिस की अपील:“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। OTP, UPI PIN और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।”







