धमतरी| धमतरी शहरी क्षेत्र में 13 शहरी स्वास्थ्य केन्द्र संचालित हैं, जिसमे से 06 शहरी स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों का चयन ’हमर क्लिनिक’ के रूप में संचालित करने के लिए राज्य शासन से दिशा-निर्देश मिले हैं। नगरपालिक निगम के नवागांव वार्ड, जोधापुर, सुभाषनगर, कोष्टापारा, गोकुलपुर और बांसपारा वार्ड में संचालित शहरी स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र सम्मिलित हैं। कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने ’हमर क्लिनिक’ के लिए भवन निर्माण हेतु स्थान चयन करने उक्त 6 केन्द्रों का भ्रमण किया। इस मौके पर कलेक्टर ने उपस्थित कार्यपालन अभियंता नगर निगम, तहसीलदार सहित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल चयनित स्थान को स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करें।

इस संबंध में शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि ’हमर क्लिनिक’ का प्राथमिक उद्देश्य शहरवासियों, कामकाजी आबादी, स्कूल जाने वाले बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सुबह 09 से दोपहर 01 बजे तक और शाम 05 से रात 08 बजे के लिए सामान्य सेवाएं प्रदाय करना है। इसके अलावा विशेष रूप से झुग्गी झोपड़ियों मेें रहने वालों को मुफ्त परामर्श, काउंसिलिंग, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण और मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही निवासियों का पंजीकरण और स्वास्थ्य पहचान पत्र जारी करना, स्वास्थ्य शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना, गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त एएनसी और पीएनसी देखभाल सहायता, संचारी और गैर संचारी रोगों की समय पर जांच उपचार और लगातार देखभाल सुनिश्चित करना भी इसका उद्देश्य है। इसके अलावा एक सुसंगत रेफरल तंत्र विकसित करना और स्वास्थ्य परिवहन पर ओओपीई को कम करना तथा इलाके में स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारकों को संबोधित करना भी ’हमर क्लिनिक’ का प्रमुख उद्देश्य है।