लगातार बारिश से धमतरी बेहाल, कई वार्डों में जलभराव; घरों में घुसा पानी, किसानों के चेहरे खिले

9

धमतरी । धमतरी में रविवार देर रात से शुरू हुई लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लगभग 12 घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश के कारण शहर के कई वार्डों और निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। रामपुर वार्ड के डबरीपारा में कई घरों में पानी घुस गया, वहीं सड़कों पर जलभराव से लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बालक चौक नाले की निकासी होने से आसपास के वार्डों में कुछ राहत मिली, लेकिन विमल टॉकीज रोड सहित कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी रही। लगातार बारिश से नगर निगम के जल निकासी प्रबंधन की भी पोल खुल गई। शहर के कई अटल आवासों में पानी भरने से रहवासी परेशान रहे, जबकि कुछ जर्जर मकानों को लेकर लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है।
जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और विभिन्न बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
धमतरी तहसील में 73 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लंबे इंतजार के बाद हुई अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि इस वर्षा से धान रोपाई और खरीफ सीजन के अन्य कृषि कार्यों में तेजी आएगी।