धमतरी| छत्तीसगढ़ राज्य के 20वें स्थापना दिवस के अवसर आज प्रदेश शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं का शुभारम्भ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत तीसरी किश्त की राशि प्रदेश के किसानों के खातों में अंतरण किया गया, साथ ही स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के शुभारम्भ सहित विभिन्न प्रकार की सौगातें प्रदेश की जनता को दी र्गइं। कोविड-19 के संक्रमण को दृष्टिगत करते हुए राज्योत्सव-2020 का वर्चुअल शुभारम्भ दो चरणों में किया गया। पहले चरण में दोपहर 12 से एक बजे के मध्य मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का उद्बोधन, तत्पश्चात् राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किश्त का अंतरण, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारम्भ तथा मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाइल मेडिकल युनिट (मोबाइल हाॅस्पिटल सह लैबोरेटरी) का उद्घाटन किया गया।
