
पोस्टमार्टम कर्मचारी संतोषी दुर्गा के पति लापता, ओडिशा जाने निकले थे, धमतरी पुलिस तलाश में जुटी
धमतरी बस स्टैंड से बस में बैठे लापता हुए फिर नहीं मिला कोई सुराग
धमतरी। कांकेर जिले के नरहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पदस्थ और पोस्टमार्टम कार्य के लिए पहचान रखने वाली कर्मचारी संतोषी दुर्गा के पति रविंद्र दुर्गा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस मामले में संतोषी दुर्गा ने धमतरी सिटी कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब उनकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई की शाम रविंद्र दुर्गा को ओडिशा स्थित अपने घर जाना था। संतोषी दुर्गा उन्हें धमतरी बस स्टैंड तक छोड़ने आई थीं, जहां से उन्होंने रायपुर जाने वाली बस पकड़ी। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। वे न तो ओडिशा पहुंचे हैं और न ही वापस नरहरपुर लौटे हैं। परिवार लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
संतोषी दुर्गा ने बताया कि वे नरहरपुर सीएचसी में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले कई वर्षों से पोस्टमार्टम का कार्य भी कर रही हैं। उनके पति समय-समय पर ओडिशा स्थित अपने घर आते-जाते रहते थे, लेकिन इस बार उनके अचानक लापता हो जाने से पूरा परिवार चिंतित है।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि संतोषी दुर्गा की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संबंधित बस के ड्राइवर और कंडक्टर से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही रविंद्र दुर्गा का फोटो जिले सहित अन्य थानों में भेज दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द उनका पता लगाया जा सके।
धमतरी पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को रविंद्र दुर्गा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या धमतरी सिटी कोतवाली को सूचित करें।
गौरतलब है कि संतोषी दुर्गा ने करीब 17 वर्ष पहले परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पोस्टमार्टम जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को अपनाया था। महिला होते हुए भी इस साहसिक जिम्मेदारी को निभाने के कारण उन्हें देशभर में एक अलग पहचान मिली है। अब उनके पति के लापता होने से परिवार गहरे संकट और चिंता में है।
Also Read
धमतरी में नशे के तस्करों पर सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार: SAFEMA कोर्ट ने फ्रीज की 35.85 लाख की संपत्ति





