
नशे के सौदागरों पर धमतरी पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा प्रहार: मुंबई SAFEMA कोर्ट ने 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज करने का आदेश किया पारित
धमतरी l मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने ऐतिहासिक आर्थिक कार्रवाई की है। पुलिस की विस्तृत वित्तीय जांच और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA कोर्ट ने जिले के नशे के तस्करों द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई ₹35,85,116.51 (पैंतीस लाख पचासी हजार एक सौ सोलह रुपये इक्यावन पैसे) मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज करने का अंतिम आदेश पारित कर दिया है।
रायपुर रेंज आईजी के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अब अपनी रणनीति बदल दी है। पुलिस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी और अदालती मुकदमों तक सीमित न रहकर, नशे के कारोबार से कमाई गई अवैध संपत्तियों को निशाना बना रही है ताकि इनके आर्थिक नेटवर्क की कमर तोड़ी जा सके।
सिटी कोतवाली पुलिस की वित्तीय जांच से खुला राज
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) धमतरी एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा विस्तृत जांच व वित्तीय विश्लेषण (Financial Analysis) के आधार पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), जीवन बीमा पॉलिसियों, चौपहिया-दोपहिया वाहनों और अचल संपत्तियों का ब्योरा एकत्रित किया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ये संपत्तियां मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से अर्जित की गई थीं। इसके बाद NDPS Act 1985 की धारा 68F के तहत संपत्तियों को सीज कर प्रकरण मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA को भेजा गया था।
इन दो बड़े मामलों में SAFEMA कोर्ट ने दिए आदेश
मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी द्वारा संबंधित पक्षों को सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिया गया। हालांकि, आरोपी पक्ष संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साक्ष्यों के परीक्षण के पश्चात 23 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई।
1. आरोपी आरती रजक मामला (₹12.93 लाख फ्रीज)
आरोपी आरती रजक (पति स्व. राम रजक) से संबंधित बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट एवं अन्य वित्तीय निवेशों की जांच के बाद कुल ₹12,93,636.76 मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है।
2. आरोपी करण सिंह धुरी एवं परिजन मामला (₹22.91 लाख फ्रीज)
आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी एवं पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहनों एवं अचल संपत्तियों सहित कुल ₹22,91,479.75 मूल्य की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।
पूर्व में PITNDPS के तहत भी हो चुकी है कड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार, संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में NDPS Act के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के तहत भी वैधानिक निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
धमतरी पुलिस का कड़ा संदेश:
“नशे का कारोबार करने वालों पर अब केवल गिरफ्तारी नहीं होगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा।”
पुलिस की आम जनता से अपील:
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या संग्रहण की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Also Read





