भ्रांतियां दूर करने के साथ संक्रमण के कारणों और बचाव का दिया संदेश
धमतरी। समाज में एचआईवी/एड्स को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गोदग्राम मुजगहन में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने सरल और संवेदनशील तरीके से लोगों को समझाया कि एचआईवी/एड्स छूने, साथ खाना खाने या हाथ मिलाने से नहीं फैलता है।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने दमदार संवाद और अभिनय के माध्यम से एचआईवी संक्रमण फैलने के चार प्रमुख कारणों पर प्रकाश डाला। इनमें असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, दूषित सुई का उपयोग तथा संक्रमित मां से बच्चे में संक्रमण शामिल हैं। कलाकारों ने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सही जानकारी रखने और जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ स्वयंसेवक दिव्या महार ने कहा, “एड्स से डरने की नहीं, बल्कि इसके प्रति सही जानकारी रखने की जरूरत है। समाज में इससे पीड़ित लोगों के प्रति भेदभाव को खत्म करना और उन्हें अपनाना बेहद जरूरी है।”
नुक्कड़ नाटक में दिव्या, तिलेश, डोमन, कुमकुम, संजना, नरेंद्र, युवराज, गीतेश, टिकेश्वरी एवं नामेश्वर ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। कलाकारों के संवाद और अभिनय ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ जागरूक भी किया।
कार्यक्रम में रेड रिबन क्लब के सदस्यों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और युवा उपस्थित रहे।






