धमतरी। खरीफ सीजन में कीटनाशकों की बढ़ती मांग के बीच कृषि विभाग ने विक्रय केन्द्रों की जांच तेज कर दी है। अनियमितता पाए जाने पर भटगांव के दो कीटनाशक विक्रय केन्द्रों के लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित किए गए हैं, जबकि एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। वहीं, धमतरी के एक अन्य विक्रय केन्द्र में अनियमितता मिलने पर कीटनाशक बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने और बिक्री में अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। संचालक कृषि के निर्देशन एवं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कीटनाशक निरीक्षकों द्वारा दस्तावेज, मूल्य सूची, स्टॉक, भंडारण व्यवस्था सहित निर्धारित मापदंडों की जांच की जा रही है।
भटगांव में तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई अनुविभागीय कृषि अधिकारी धमतरी एवं नोडल अधिकारी कीटनाशी गुण नियंत्रण, जिला धमतरी की अनुशंसा पर भटगांव स्थित मेसर्स गौरव कृषि केन्द्र एवं मेसर्स साहू कृषि केन्द्र के कीटनाशक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं किया जाना तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मूल्य सूची और स्टॉक का प्रदर्शन नहीं किया जाना पाया गया।
इसी तरह मेसर्स गायत्री कृषि केन्द्र, भटगांव द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कीटनाशक व्यवसाय का संचालन नहीं किए जाने पर उसका विक्रय लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान कीटनाशकों का व्यवसाय नहीं कर सकेगा। 10 अन्य विक्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण कृषि विभाग ने कार्रवाई के साथ-साथ जिले के अन्य विक्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। इनमें मेसर्स अंकित ट्रेडर्स धमतरी, राधा ट्रेडर्स धमतरी, शिव धारा कृषि केन्द्र धमतरी, सदगुरू कृषि केन्द्र देमार, दिवाकर कृषि केन्द्र देमार, धारणा कृषि केन्द्र बागतराई, गगन कृषि केन्द्र खम्हरिया, तेजल कृषि केन्द्र दानीटोला, साहू कृषि केन्द्र कलारतराई एवं प्रियांशु कृषि केन्द्र सेमरा बी शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान मेसर्स अंकित ट्रेडर्स, धमतरी में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। विभाग के अनुसार नोटिस का जवाब मिलने के बाद उपलब्ध तथ्यों और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हित में निगरानी जारी कृषि विभाग ने बताया कि जिले में कीटनाशकों की बिक्री और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विक्रेताओं के वैध लाइसेंस, आवश्यक अभिलेख, अधिकृत उत्पादों की बिक्री, स्टॉक एवं मूल्य सूची के प्रदर्शन और निर्धारित मापदंडों के अनुसार व्यवसाय संचालन की जांच की जा रही है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि कीटनाशक हमेशा अधिकृत विक्रय केन्द्र से ही खरीदें और उसका बिल अवश्य प्राप्त करें। बिना कृषि विशेषज्ञ की सलाह के किसी भी कीटनाशक का अनावश्यक या अनुशंसित मात्रा से अधिक उपयोग न करें। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री या अन्य किसी अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित कृषि अधिकारियों को सूचना दी जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







