धमतरी मानसून बाइक रैली: नरहरा जलप्रपात में दिया सुरक्षित पर्यटन का संदेश

2

मानसून बाइक रैली से पर्यटन, स्वच्छता और सुरक्षित पर्यटन का दिया गया संदेश

रुद्री चौक से नरहरा जलप्रपात तक निकली जनजागरूकता मानसून बाइक रैली

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

धमतरी l जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण तथा स्वच्छता एवं सुरक्षित पर्यटन के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा शुक्रवार सुबह मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे रुद्री चौक से प्रारंभ हुई यह रैली जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल नरहरा जलप्रपात तक पहुंची। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन, सुरक्षित यातायात तथा जिम्मेदार नागरिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

रैली में जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, युवाओं, बाइक राइडर्स तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में आने वाले गांवों के ग्रामीणों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत कर अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

नरहरा जलप्रपात पहुंचने पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दोहराया।

रैली के दौरान सभी बाइक चालकों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन किया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यटन का आनंद तभी सार्थक है, जब सुरक्षा नियमों का पालन और प्रकृति के प्रति संवेदनशील व्यवहार साथ-साथ हो।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने नरहरा जलप्रपात क्षेत्र का निरीक्षण कर पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग, मूलभूत सुविधाओं और पर्यटक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के दौरान बारिश से बचाव के लिए पर्यटकों हेतु शेड निर्माण के लिए स्थल परीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल जिले की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने, खतरनाक क्षेत्रों में जाने से बचने तथा प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालकर पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों से भी विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया।

 एक पेड माँ के नाम

 मानसून बाइक रैली के दौरान नरहरा जलप्रपात पहुंचते प्रतिभागी
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पर्यटन के प्रति लोगों में सकारात्मक जागरूकता बढ़ेगी। रैली में एसडीएम पियूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।