बेटा ससुराल गया, इधर घर में फंदे पर मिले माता-पिता; गांव में सनसनी

13

कुरूद। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिरेतरा में एक बुजुर्ग दंपति द्वारा कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार ग्राम बिरेतरा निवासी नंद कुमार साहू (70 वर्ष) और उनकी पत्नी सुशीला बाई साहू (65 वर्ष) घर में अकेले थे। रविवार शाम करीब 7 बजे दोनों ने सामान्य रूप से भजिया का नाश्ता किया था। इसके बाद रात के दौरान किसी समय दोनों के फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि दंपति का बेटा संजू साहू अपने परिवार के साथ दोपहर में ससुराल गया हुआ था। सोमवार को गांव की एक महिला किसी काम से उनके घर पहुंची तो उसने दोनों को फंदे पर लटका देखा। नंद कुमार साहू घर के हॉल के पंखे में तथा उनकी पत्नी सुशीला बाई बेडरूम में पंखे के हुक से लटकी हुई मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बेटे को घटना की खबर दी गई। बेटे के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने तत्काल कुरूद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीआई अवध राम साहू के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इस हृदयविदारक घटना से पूरे बिरेतरा गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दंपति सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे और किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी सामने नहीं आई थी। ऐसे में दोनों द्वारा इतना बड़ा कदम उठाए जाने की खबर से लोग हैरान हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।मौत के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।मामला संदिग्ध है।