‘नई उम्मीद, नई आशा’ सेवा संस्थान के सहयोग से हाई स्कूल पोटियाडीह में हुआ नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम*

0

धमतरी | भारत सरकार एवं जिला प्रशासन के “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा कार्यक्रम” के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल पोटियाडीह में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से *नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक* का आयोजन हायर सेकेंडरी स्कूल खरतुली के छात्रों के द्वारा किया गया। भाषण,चित्रकला नारा लेखन, निबंध लेखन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ‘नई उम्मीद, नई आशा’ सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. भूषणलाल चंद्राकर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर *संस्था की सदस्य श्रीमती सविता छाटा* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को कमजोर करने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में ‘नई उम्मीद, नई आशा’ सेवा संस्थान की सदस्य सुश्री तुनीश्वरी साहू एवं श्रीमती हेमलता शर्मा उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा *नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति* दी गई, जिसमें नशे के कारण होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में संस्था के व्याख्याता श्री अवधेश कुमार साहू एवं श्री रूपेश कुमार साहू भी उपस्थित रहे। विद्यालय की *प्राचार्य श्रीमती चंपा चंद्राकर* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम का *संचालन सुश्री परविंदर कौर गिल* ने किया। कार्यक्रम की संपूर्ण *रूपरेखा, आयोजन एवं व्यवस्था विद्यालय की व्याख्याता तथा ‘नई उम्मीद, नई आशा’ सेवा संस्थान की सदस्य श्रीमती गीतांजली साहू* के द्वारा की गई। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने *नशामुक्त समाज के निर्माण तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक युवा पीढ़ी के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प* लिया।