धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन समेत कुल 3.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
इन्वेन्चर स्कूल तिराहा पर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड कुरूद के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, कलार पारा कुरूद।
- ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा धमतरी।
- सूरज रजक, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा, बजरंग चौक धमतरी।
3.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कुरूद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,65,000 रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है।
- हेरोइन (चिट्टा): 21.51 ग्राम, अनुमानित कीमत 1,02,000 रुपये
- नगद राशि: 8,000 रुपये
- मोटरसाइकिल: 2 नग, कीमत 1,60,000 रुपये
- मोबाइल फोन: 4 नग, कीमत 95,000 रुपये
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
कुरूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल एवं एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
धमतरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन निश्चय” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।







