धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: SBI कियोस्क संचालक पर 1 करोड़ से अधिक के गबन का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

0

धमतरी। धमतरी पुलिस ने बैंक खाताधारकों से धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितता के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस ने SBI कियोस्क संचालक केशव राम साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना कर 1,00,75,717 रुपये की वित्तीय अनियमितता करने का आरोप है।

कियोस्क संचालन के दौरान खाताधारकों से की गई वित्तीय अनियमितता

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी जुगलकिशोर (31 वर्ष), निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर NICT TECHNOLOGIES PVT. LTD. धमतरी ने थाना भखारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। संस्था द्वारा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अनुबंध के तहत कियोस्क यानी ग्राहक सेवा केंद्रों का संचालन कराया जाता है।

ग्राम कोरा में SBI कियोस्क संचालन के लिए आरोपी केशव राम साहू को नियुक्त किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन एवं कूटरचना करते हुए कुल 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये का आपराधिक न्यासभंग किया।

शिकायत के आधार पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 338 एवं 336(3) BNS के तहत मामले की जांच शुरू की गई।

लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड जब्त

विवेचना के दौरान भखारा पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में:

  • 01 Lenovo कंपनी का लैपटॉप
  • 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर

जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद आरोपी केशव राम साहू (40 वर्ष) को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

नाम: केशव राम साहू, उम्र 40 वर्ष
पिता: हेमलाल साहू
मूल निवासी: साकिन देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद
वर्तमान पता: बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर

पुलिस ने खाताधारकों से की सतर्क रहने की अपील

धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बैंक या कियोस्क के माध्यम से लेन-देन करते समय पासबुक, रसीद और अन्य बैंक दस्तावेजों की नियमित जांच करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या लेन-देन में गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।