
राजमार्गों की नियमित निगरानी, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों के प्रभावी पालन पर रहेगा विशेष जोर
संयुक्त सर्विलेंस टीम ने किया फील्ड निरीक्षण की गयी कार्रवाई
धमतरी । जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से Dedicated Highways Surveillance Team का गठन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार गठित यह टीम जिले के राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों की नियमित निगरानी करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विभागीय समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह पहल परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के 19 जून 2026 के निर्देश तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Suo Motu W.P. (Civil) No. 9 of 2025 (National Highway Safety) के अंतर्गत फलौदी (राजस्थान) एवं रगारेड्डी (तेलंगाना) में हुई सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है।
गठित टीम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदस्य-सचिव होंगे। वनमंडलाधिकारी (सामान्य) धमतरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजना कार्यान्वयन इकाई अभनपुर के परियोजना निदेशक, धमतरी, कुरूद एवं नगरी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), आयुक्त नगर पालिक निगम धमतरी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग संभाग धमतरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवहन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
संयुक्त सर्विलेंस टीम ने किया फील्ड निरीक्षण
कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री इंदिरा देवहारी के नेतृत्व में टीम द्वारा विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का फील्ड निरीक्षण भी किया गया। परिवहन विभाग (RTO), PWD, NHAI, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों पर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग, तेज गति, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा अन्य संभावित जोखिमों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बनपेला ध्रुव, आजाद टायर्स संबलपुर, कविता स्टील, भाग्यलक्ष्मी कार पार्क, फौजी ढाबा, राजेन्द्र ढाबा, काका-भतीजा ढाबा, लक्की ढाबा एवं खपरी पार्किंग सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर रखे गए सामान, अस्थायी दुकानों, ढाबों एवं अन्य गतिविधियों से यातायात में होने वाली संभावित बाधाओं की भी जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई तथा वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश दी गई।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
Dedicated Highways Surveillance Team द्वारा राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट, अनधिकृत कट, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे संचालित गतिविधियों, भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग एवं तेज गति सहित दुर्घटना की संभावित परिस्थितियों की नियमित निगरानी की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क की कमियों को दूर करने, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा अन्य सुधारात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सड़क सुरक्षा से संबंधित निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई सतत जारी रखें और दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध रूप से आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई तक सीमित न होकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रत्येक नागरिक के लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने वाहन चालकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर अनावश्यक अतिक्रमण अथवा बाधा उत्पन्न नहीं करने तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है।






