धमतरी | जिला कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर डी.एस. ध्रुव सेवानिवृत्त हो गए। कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित सादे समारोह में डिप्टी कलेक्टर श्री ध्रुव को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके पारिवारिक जीवन में खुशहाली व सेहतमंदी के लिए कामना की। कलेक्टर ने श्री ध्रुव के कार्यकाल को बेहतर बताते हुए कहा कि छोटे से पद से अपने हुनर के बूते ऊंची छलांग लगाई और राज्य प्रशासनिक सेवा का पद धारण कर अपनी कार्यशैली से जिले में अपनी पृथक् पहचान बनाई। अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल ने भी श्री ध्रुव के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों के द्वारा सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर श्री ध्रुव को स्मृति चिन्ह एवं शाॅल व श्रीफल भेंट किया गया।
