चिटौद के पास ट्रक-आइशर की भिड़ंत, 5 घायल
धान लेकर धमतरी आ रहा था ट्रक, केबिन में फंसे चालक को निकालकर पहुंचाया अस्पताल
धमतरी। रायपुर जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चिटौद के पास सोमवार रात ट्रक और आइशर वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक चालक केबिन में फंस गया, जिसे मौके पर पहुंचे इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान एवं डोमन साहू ने बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक कनेरी से धान लोड कर धमतरी की ओर आ रहा था। रास्ते में तीन लोगों ने अपना वाहन खड़ा कर धमतरी आने के लिए ट्रक चालक से लिफ्ट ली थी। तीनों ट्रक में सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान चिटौद के पास ट्रक और आइशर वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक समेत पांच लोग घायल हो गए।
दुर्घटना में ट्रक चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उसके पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। टक्कर के बाद चालक ट्रक के केबिन में फंस गया था। घटना की सूचना मिलने पर शिवा प्रधान एवं डोमन साहू तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायल चालक सहित सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
सड़क हादसे के बाद घायलों की मदद के लिए तत्काल पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। शिवा प्रधान एवं डोमन साहू ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की सहायता की और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
